चंपावत 15 अक्टूबर 2026,
*माननीय मुख्यमंत्री की पहल से तामली क्षेत्र में पशु चिकित्सा शिविर सम्पन्न, 117 पशुओं का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण एवं नि:शुल्क औषधि वितरण*
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में सीमा सुरक्षा बल (SSB) पंचम वाहिनी तथा राजकीय पशु चिकित्सालय सदर द्वारा सीमांत तामली क्षेत्र के ग्राम पोलप और सिमीयाऊरी में एक दिवसीय विशाल पशु चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों के द्वार तक बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाएं और औषधियां उपलब्ध कराना था।
आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि शिविर में पशुपालन विभाग की ओर से वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीना हरीश चंद्र एवं पशुधन प्रसार अधिकारी श्री अमित पांडे तथा SSB पंचम वाहिनी से असिस्टैंट कमांडेंट श्री गिरधारी लाल एवं उनकी टीम ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया।
संयुक्त टीम के समर्पित प्रयासों से दोनों गांवों के 117 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क औषधियां वितरित की गईं तथा मौके पर ही आवश्यक चिकित्सीय उपचार प्रदान किया गया।
चिकित्सा शिविर के उपरांत वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीना हरीश चंद्र द्वारा क्षेत्र में कार्यरत ग्राम्य गौ सेवकों की यूनिट्स का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर गौ वंशीय पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए संबंधित गौ सेवकों एवं पशुपालकों को पशुओं के वैज्ञानिक रखरखाव, संतुलित खान-पान और मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शासन और विभागीय समन्वय से आयोजित इस शिविर की क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं पशुपालकों द्वारा सराहना की गई।

