चंपावत 30 मई 2026,
*मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जिलाधिकारी ने दिए समय से सत्यापन के निर्देश*
मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत शैक्षणिक सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि योजना का लाभ देने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाने संबंधी विज्ञप्ति प्रकाशित कर दी गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के नियमों के अनुसार, इस विशेष अनुदान राशि का लाभ केवल उन संस्थागत छात्राओं को ही दिया जाएगा जिन्होंने उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा बोर्ड या मदरसा शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा (अथवा इसके समकक्ष मुंशी या मौलवी परीक्षा) और इंटरमीडिएट परीक्षा (अथवा इसके समकक्ष आलिम परीक्षा) में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इन योग्य बालिकाओं को उनके अंकों के आधार पर तैयार होने वाली प्रवीणता सूची (मेरिट लिस्ट) के अनुसार ही विशेष अनुदान की राशि अवमुक्त की जाएगी।
जिलाधिकारी ने की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया 15 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। सभी पात्र छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन जमा किए गए इन आवेदन पत्रों का जनपद स्तर पर भौतिक एवं ऑनलाइन सत्यापन किए जाने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 तय की गई है।
सफल क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों और मदरसों को इस योजना के बारे में तुरंत सूचित किया जाए ताकि कोई भी मेधावी छात्रा आवेदन से वंचित न रहे। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों का पूरी पारदर्शिता के साथ भौतिक एवं ऑनलाइन सत्यापन और स्क्रूटनी का कार्य पूरा करें।

