राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट में एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आगाज, अनुशासन और नेतृत्व का दिया जाएगा प्रशिक्षण।

राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट में एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आगाज, अनुशासन और नेतृत्व का दिया जाएगा प्रशिक्षण।

लोहाघाट। राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट में शुक्रवार को दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर में एनसीसी कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग सहित विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित की जाएगी।

शिविर के पहले दिन कैडेट्स को ड्रिल एवं मैप रीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने इन गतिविधियों का प्रदर्शन कर कैडेट्स को एनसीसी प्रशिक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। दस दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में कैडेट्स को विभिन्न सैन्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 80 यूके बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी, प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या सिंह एवं नायब सूबेदार बीरेंद्र सिंह ने कैडेट्स को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया। पिथौरागढ़ से पहुंचे रिसोर्स पर्सन सीएमएम हरीश चिनवान एवं सीएमएम प्रमोद परिहार ने भी कैडेट्स को विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी कोबी ने कैडेट्स को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ-साथ जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

एनसीसी प्रभारी डॉ. नम्रता देव महर ने बताया कि दस दिवसीय शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, मैप रीडिंग समेत विभिन्न एनसीसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही बी एवं सी सर्टिफिकेट परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना है।

फोटो : राजकीय महाविद्यालय लोहाघाट में आयोजित दस दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर ड्रिल एवं मैप रीडिंग का प्रशिक्षण लेते कैडेट्स।