*देवभूमि बी.एड. कॉलेज में विश्वविद्यालय स्तरीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन मुनस्यारी, लोहाघाट, अल्मोड़ा और टनकपुर ने दर्ज की जीत*
बनबसा। देवभूमि कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चुनाभट्टा रोड बनबसा में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि दीपक रजवार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कुलपति प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मार्गदर्शन दिया।
प्रतियोगिता में चंपावत, मुनस्यारी, लोहाघाट, बनबसा, अल्मोड़ा, बागेश्वर, टनकपुर और खटीमा की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
पहला मुकाबला राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी और राजकीय महाविद्यालय चंपावत के बीच खेला गया, जिसमें मुनस्यारी की टीम ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में खटीमा और लोहाघाट की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में लोहाघाट की टीम विजयी रही। तीसरा रोमांचक मुकाबला बनबसा और अल्मोड़ा के बीच खेला गया, जिसमें अल्मोड़ा की टीम ने जीत हासिल की। वहीं, चौथे मुकाबले में टनकपुर और बागेश्वर की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें टनकपुर की टीम विजयी रही।
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली खान, देवभूमि कॉलेज ऑफ एजुकेशन के निदेशक कैलाश थपलियाल, प्राचार्य डॉ. दिशा थपलियाल, राजकीय महाविद्यालय बनबसा के प्राचार्य आनंद प्रकाश सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के टीम मैनेजर, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं देवभूमि कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा उनमें अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला।



