*पेयजल परियोजना से प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन हेतु लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान* *नगर में बेहतर पेयजल सुविधा के साथ सुगम एवं सुरक्षित आवागमन पर जोर*

चम्पावत 02 नवंबर 2026

*पेयजल परियोजना से प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन हेतु लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान*

*नगर में बेहतर पेयजल सुविधा के साथ सुगम एवं सुरक्षित आवागमन पर जोर*

*राष्ट्रीय राजमार्ग के लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने एवं संबंधित कार्य पूर्ण*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के अनुरूप नगरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़कों के पुनर्स्थापन की कार्यवाही की जा रही है। इसके लिए उत्तराखण्ड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) की परियोजना क्रियान्वयन इकाई, चम्पावत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड, लोक निर्माण विभाग, लोहाघाट को लगभग 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

सड़क पुनर्स्थापन से नगर के नागरिकों, व्यापारियों, पैदल राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। पाइपलाइन बिछाने से प्रभावित सड़क हिस्सों के दुरुस्त होने पर लोगों को बाजार, विद्यालय, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आने-जाने में सहूलियत होगी। साथ ही सड़क की स्थिति बेहतर होने से यातायात के सुचारु संचालन में भी सहायता मिलेगी।

यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री अंकित आर्या ने बताया कि चम्पावत में निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का उद्देश्य नगर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ कर लोगों को बेहतर जलापूर्ति उपलब्ध कराना है। परियोजना के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के कुल 6 किलोमीटर हिस्से में 20 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई जानी प्रस्तावित है। अब तक लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क क्षेत्र में 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के साथ ही जल दबाव परीक्षण, घरेलू पेयजल कनेक्शन तथा अन्य संबंधित कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि खटकना पुल से जीआईसी चौक के मध्य शेष हिस्से में पेयजल परियोजना से संबंधित कार्य दीपावली के बाद किए जाने प्रस्तावित हैं। परियोजना के पूर्ण होने से नगर की पेयजल वितरण व्यवस्था बेहतर होगी और घरेलू कनेक्शनों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

पेयजल सुविधा के विस्तार के साथ प्रभावित सड़कों को भी व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। सड़क पुनर्स्थापन कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूरा कराने के लिए पीआईयू चम्पावत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड, लोक निर्माण विभाग, लोहाघाट के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है, ताकि आमजन को इन कार्यों का लाभ मिल सके।