चंपावत 18 जून 2026,
*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चम्पावत के बनबसा मिनी स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का होगा आयोजन*
*मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी*
आगामी 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरवमयी कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में आमजन के साथ योग कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य माननीय मुख्यमंत्री के विज़न के अनुरूप आमजन को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ शरीर, शांत मन तथा संतुलित जीवन की दिशा में अग्रसर करना है।
प्रशासन ने मा0 मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति वाले इस राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय आयोजन को पूरी तरह सफल और सार्थक बनाने के लिए सभी प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और क्षेत्रीय जनता से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले समस्त प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक एवं विशेष प्रबंध किए गए हैं।
आयोजन स्थल तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु एक आधिकारिक क्यूआर (QR) कोड भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक डिजिटल मैपिंग की सहायता से सीधे मिनी स्टेडियम, बनबसा पहुँच सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी संभ्रांत नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस साझा किए गए क्यूआर कोड का उपयोग करते हुए ससमय कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लें।

