चम्पावत 16 अप्रैल 2026,
*वन भूमि हस्तांतरण मामलों में तेजी लाने पर जिलाधिकारी का जोर: लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश*
जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों की प्रगति, लंबित कारणों एवं प्रक्रियागत बाधाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति, पूर्ण विवरण, आवश्यक अभिलेखीय दस्तावेज एवं अनुमोदन से संबंधित प्रपत्र निर्धारित समयसीमा के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किए जाएँ। उन्होंने कहा कि प्रकरणों की गुणवत्ता पूर्ण तैयारी सुनिश्चित की जाए, जिससे उच्च स्तर पर अनावश्यक आपत्तियों की स्थिति उत्पन्न न हो और निस्तारण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण मामलों में सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित करने से पूर्व सभी तथ्यों का विधिवत परीक्षण एवं सत्यापन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन, राजस्व, लोक निर्माण एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी संवाद एवं सहयोग के माध्यम से कार्य करें, ताकि प्रकरणों का समयबद्ध एवं सुचारु निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में तकनीकी अथवा प्रशासनिक स्तर पर कोई बाधा आ रही है, उन्हें तत्काल चिन्हित कर उच्च स्तर पर अवगत कराया जाए, जिससे समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े प्रकरण विकास कार्यों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़े होते हैं, अतः इनका शीघ्र निस्तारण जनहित के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करते हुए कार्यों में तेजी लाएं, जिससे जनपद में विकास कार्यों को गति मिल सके और योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, एसडीओ वन विभाग सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन पलड़िया, अधिशासी अधिकारी लोहाघाट हितेश कांडपाल, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश सिंह बिष्ट, पीएमजीएसवाई के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

