चम्पावत 16 अप्रैल 2026,
*20 अप्रैल को चम्पावत में ‘दिशा’ समिति की अहम बैठक, योजनाओं की प्रगति पर होगा मंथन*
जनपद में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा एवं जनहित से जुड़े कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आगामी 20 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री अजय टम्टा करेंगे।
जिला कार्यालय सभागार में अपरान्ह 01:30 बजे से प्रारंभ होने वाली इस बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की जाएगी। साथ ही योजनाओं की वर्तमान प्रगति, भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों, तथा क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने बैठक की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि वे बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित हों तथा अपने-अपने विभागों की अद्यतन एवं तथ्यपरक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं जारी कार्यवृत्त का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा उसकी विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट भी साथ लाना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, सभी अधिकारियों को समय से बैठक में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अपने विभाग से संबंधित बिंदुओं पर स्पष्ट, सुसंगत एवं प्रमाणिक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि ‘दिशा’ समिति की बैठक जनपद के समग्र विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, जिससे जनहितकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचाया जा सके।

