चम्पावत 21 मई, 2026
*मानसून से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाने की कवायद तेज, जिलाधिकारी के निर्देशानुसार झाड़ी कटान एवं नाली सफाई अभियान जारी*
*जलभराव और मार्ग अवरोध रोकने को जनपदभर में नाली सफाई अभियान तेज, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश*
मानसून सीजन के दृष्टिगत जनपद चम्पावत में सड़क मार्गों को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद मे सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर झाड़ी कटान, नाली सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुधारने का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देशित किया है कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी मोटर मार्गों पर झाड़ी कटान एवं नालियों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे वर्षाकाल में जलभराव, मलबा जमा होने तथा मार्ग अवरुद्ध होने जैसी स्थितियों से बचा जा सके तथा बरसात का पानी सुचारु रूप से नालियों के माध्यम से निकासी हो सके।
इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला पंचायत सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग दीपक जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-09 के बेलखेत से मुड़ियानी सेक्शन में ड्रेन क्लियरेंस एवं झाड़ी कटान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि मानसून के दौरान मार्ग सुरक्षित बना रहे।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लोहाघाट हितेश कांडपाल ने बताया कि विभागीय अंतर्गत आने वाले सभी मोटर मार्गों पर नाली सफाई एवं झाड़ी कटान का कार्य लगातार जारी है। विभाग द्वारा एसएच-10 खेतीखान मार्ग, वालिक-गागर मार्ग, लोहाघाट-सिमलखेत मोटर मार्ग, आंतरिक संपर्क मार्गों तथा एसएच-57 पर ड्रेन क्लियरेंस का कार्य कराया जा रहा है।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चम्पावत एम.सी. पलड़िया ने बताया कि चम्पावत-मंच-तमाली मोटर मार्ग पर भी विशेष अभियान चलाकर नालियों की सफाई एवं झाड़ियों का कटान किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चम्पावत के अधिशासी अभियंता श्री त्रिभुवन बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि अमोड़ी- छतकोट मोटर मार्ग, स्याला-पोथ मोटर मार्ग तथा धौन-सल्ली मोटर मार्ग सहित विभिन्न ग्रामीण सड़कों पर झाड़ी कटान एवं ड्रेन क्लीनिंग का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
वहीं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत कमलेश बिष्ट ने बताया कि जिला पंचायत क्षेत्रांतर्गत देवीधुरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाली सफाई एवं झाड़ी कटान का कार्य निरंतर कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित कार्मिकों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं ताकि वर्षा ऋतु में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में मानसून के दौरान सड़क मार्ग बाधित न हों तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा नियमित निरीक्षण कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

