*जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी* *जनता मिलन कार्यक्रम में 88 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण*

चम्पावत,08 जून 2026

*जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिलाधिकारी*

*जनता मिलन कार्यक्रम में 88 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण*

*जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें विभागीय अधिकारी*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, उरेड़ा, समाज कल्याण तथा आपूर्ति विभाग से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम च्युराखर्क के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग (घेरबाड़) की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रस्ताव तैयार करने एवं संबंधित योजना के अंतर्गत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकासखंड बाराकोट के ग्राम बिसराड़ी निवासी चंद्रकला जोशी ने ग्राम में सड़क संपर्क मार्ग एवं सोलर लाइट स्थापना की मांग रखी। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत भुमलाई से आए अनिल कुमार पुनेठा ने खनन न्यास निधि के माध्यम से लगभग 400 मीटर सीसी मार्ग/इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग निर्माण की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी लोहाघाट को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव तैयार करने तथा अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान विकासखंड चम्पावत के ग्राम चौकी निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग नारायण राम ने भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाकर भूमि दिलाए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी चम्पावत को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उन्हें तत्काल सहायता स्वरूप छड़ी भी उपलब्ध कराई गई।

ग्राम प्रधान रैघांव श्रीमती उमा देवी ने गांव में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को जिलाधिकारी के समक्ष रखा तथा रैघांड़ी पंपिंग योजना के अधूरे होने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारू करने तथा रैघांड़ी पंपिंग योजना के कार्यों में तेजी लाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम मनिहारगोठ निवासी विधवा महिला अर्चना ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए रोजगार उपलब्ध कराने तथा अपने बच्चों की शिक्षा हेतु फीस माफी का प्रार्थना पत्र जनता मिलन दरबार में रक्खा। जिलाधिकारी ने मामले में यूयूएसडीए एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करते हुए पात्रतानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत पचनई निवासी श्रीमती इमला देवी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आवास उपलब्ध कराए जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को अटल आवास योजना के अंतर्गत पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत सिरतोली निवासी अनीता देवी, पत्नी स्वर्गीय सुभाष चंद्र ने बीपीएल श्रेणी का राशन कार्ड बनाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को मामले की जांच कर पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लाभार्थी को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी.एस. खाती, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।